*कपाली पुलिस की कार्रवाई से नशे के कारोबारियों में हड़कंप, 2022 से 2026 तक दर्ज हैं नौ आपराधिक मामले*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कई आपराधिक मामलों के अभियुक्त शिवाजी गोप उर्फ नायडू, पिता संजय गोप, निवासी तामुलिया को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसे जेवियर स्कूल के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ सरायकेला-खरसावां और जमशेदपुर के विभिन्न थानों में वर्ष 2022 से 2026 के बीच कुल नौ आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें अधिकांश मामले एनडीपीएस एक्ट के तहत मादक पदार्थों से संबंधित हैं।
अभिलेख के अनुसार कपाली ओपी में दर्ज कांड संख्या 107/26, दिनांक 8 अगस्त 2026 में धारा 17(b)/21(b)/25 एनडीपीएस एक्ट लगाई गई है। इसके अलावा गोविंदपुर थाना कांड संख्या 80/2025 तथा मानगो थाने में वर्ष 2022 से 2026 के बीच दर्ज कई मामलों में धारा 17(a), 21(a)/(b), 22(a), 29 सहित एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराएं लगाई गई हैं।
मानगो थाना कांड संख्या 183/24 में बीएनएस-2023 की धारा 115(2), 118(1), 118(2), 190, 191(2), 191(3), 351(2), 351(3) और 352 के तहत मामला दर्ज है। पुलिस के अनुसार शिवाजी गोप के आपराधिक इतिहास में लगातार कई वर्षों तक मादक पदार्थ से जुड़े मामलों का सामने आना गंभीर मामला है।
उसकी गिरफ्तारी को नशे के खिलाफ पुलिस अभियान की महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है। कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार के नेतृत्व में क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर लगातार नशे के खिलाफ अभियान और एंटी क्राइम चेकिंग चलाए जा रहे हैं। पुलिस की लगातार कार्रवाई से नशे के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति है। साथ ही एंटी क्राइम चेकिंग के दौरान आपराधिक गतिविधियों पर भी अंकुश लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

