*बच्चों ने परिवहन व सहयोगी कर्मियों के साथ सैनिकों को भी बांधी राखी*
मृत्युंजय बर्मन
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
शेन इंटरनेशनल स्कूल में रक्षाबंधन का पर्व उत्साह और आत्मीयता के साथ मनाया गया। बच्चों ने पारंपरिक पर्व को प्रेम, सम्मान और कृतज्ञता की भावना से जोड़ते हुए विद्यालय के सहयोगी कर्मचारियों से लेकर देश की सीमा की सुरक्षा में तैनात जवानों तक राखी का संदेश पहुंचाया।
जूनियर विंग के विद्यार्थियों ने स्वयं रंग-बिरंगी और आकर्षक राखियां तैयार कीं। बच्चों ने विद्यालय के परिवहन कर्मियों और अन्य सहयोगी कर्मचारियों की कलाइयों पर राखी बांधकर उनके प्रति सम्मान एवं अपनापन व्यक्त किया। इस दौरान बच्चों ने उनके योगदान के लिए आभार भी जताया।
रक्षाबंधन के अवसर पर विद्यार्थियों ने सेना शिविर पहुंचकर वीर जवानों की कलाइयों पर भी राखी बांधी। बच्चों के इस प्रयास ने सैनिकों के प्रति सम्मान और देश की रक्षा के लिए उनके समर्पण के प्रति कृतज्ञता की भावना को सामने रखा।
विद्यालय की प्रधानाचार्या तंद्रिमा बनर्जी और मुख्य अध्यापिका सिमरन सग्गू ने विद्यार्थियों की पहल की सराहना करते हुए सभी को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में प्रेम, सम्मान, जिम्मेदारी और सामाजिक संवेदनशीलता की भावना विकसित करते हैं।
विद्यालय परिसर में आयोजित यह पर्व केवल भाई-बहन के रिश्ते तक सीमित नहीं रहा, बल्कि सुरक्षा देने वाले हर व्यक्ति के प्रति सम्मान और धन्यवाद व्यक्त करने का माध्यम बना।

