* झारखंड आंदोलनकारी का सम्मान हमारे लिए गौरव की बात:::अनीता मुर्मू
राष्ट्र संवाद संवाददाता
पोटका। डोमजूड़ी पंचायत भवन में बुधवार को एक विशेष कार्यक्रम में झारखंड आंदोलन में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले आंदोलनकारियों को उपायुक्त, पूर्वी सिंहभूम द्वारा हस्ताक्षरित प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रशस्ति पत्र का वितरण ग्राम पंचायत डोमजूड़ी की मुखिया श्रीमती अनीता मुर्मू के द्वारा किया गया।
इस अवसर पर सम्मानित किए गए झारखंड आंदोलनकारियों में शिवचरण मुर्मू, पिता बजल मुर्मू; बारी बास्के, पति जोहान दास बास्के; चैतन सोरेन, पिता ठाकुर सोरेन; तथा सावना मुर्मू, पिता कुंवर मुर्मू शामिल हैं।
कार्यक्रम के दौरान पंचायत क्षेत्र के दिव्यांगजनों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र भी प्रदान किया गया। इस पहल का उद्देश्य दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ प्राप्त करने में सहूलियत प्रदान करना है।
इसके साथ ही पंचायत में “सबकी योजना, सबका विकास” अभियान के अंतर्गत बाल सभा का भी आयोजन किया गया। बाल सभा में बच्चों ने पंचायत के विकास, शिक्षा, स्वच्छता, खेलकूद एवं अन्य आवश्यक विषयों पर अपनी बात रखी तथा पंचायत स्तर पर बच्चों की आवश्यकताओं और सुझावों को सामने रखा गया।
कार्यक्रम में झारखंड आंदोलनकारी बबलू दास, आसनबनी तरफ के परगना हरिपदो मुर्मू, आंगनबाड़ी सेविकाएं, जेएसएलपीएस से जुड़ी महिलाएं, स्कूली छात्र-छात्राएं, महिलाएं एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
मुखिया अनीता मुर्मू ने कहा कि झारखंड आंदोलनकारियों का सम्मान करना हमारे लिए गौरव की बात है। उनके संघर्ष और बलिदान की वजह से झारखंड की पहचान और अस्तित्व मजबूत हुआ। साथ ही पंचायत में दिव्यांगजनों को प्रमाण पत्र उपलब्ध कराना और बच्चों की आवाज को विकास की योजना में शामिल करना पंचायत की प्राथमिकताओं में शामिल है।

