राष्ट्र संवाद संवाददाता गम्हरिया।विगत कई दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण गम्हरिया प्रखंड अंतर्गत छोटा गम्हरिया पंचायत स्थित विश्वकर्मा कॉलोनी में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है जिससे कॉलोनी वासियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण ऐसी स्थिति उत्पन्न हो गई है। इससे कॉलोनी वासियों समेत आम राहगीरो को आवागमन में भारी परेशानियां झेलनी पड़ रही है। सबसे अधिक परेशानियों का सामना स्कूली बच्चों को झेलना पड़ रहा है। राजद के पूर्व जिला प्रवक्ता मुकेश झा ने कहा कि इन समस्याओं से स्थानीय जनप्रतिनिधियों को पूर्व में कई बार अवगत कराया गया। किंतु, उनके द्वारा आजतक विश्वकर्मा कॉलोनी में नाला व सड़क निर्माण नहीं कराया गया। उन्होंने प्रखंड व जिला प्रशासन से जनहित के मद्देनजर अविलंब कॉलोनी में सड़क व जलनिकासी के लिए नाला निर्माण कराए जाने की मांग किया है।

