3 दिन के आश्वासन के बाद भी नहीं लौटी रश्मि, अब पुलिस-प्रशासन से मदद लेने पर सहमति
राष्ट्र संवाद संवाददाता
गालूडीह। गालूडीह पंचायत भवन में पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन की पंचायत समिति एवं गालूडीह मारवाड़ी सम्मेलन के गणमान्य सदस्यों की बैठक में विमल अग्रवाल की पत्नी रश्मि अग्रवाल से जुड़े पारिवारिक विवाद पर चर्चा हुई। परिवार की ओर से आरोप लगाया गया कि रश्मि अग्रवाल परिचित रॉकी शर्मा के साथ जेवरात और करीब दो लाख रुपये नकद लेकर चली गई हैं।
समाज की पिछली बैठक में रॉकी शर्मा के भाइयों ने तीन दिनों के भीतर दोनों को वापस लाने और समाज के समक्ष उपस्थित कराने का आश्वासन दिया था। निर्धारित अवधि में वापसी नहीं होने पर पुनः बैठक बुलाई गई। बैठक में रॉकी शर्मा के पिता नरेश शर्मा और दोनों भाई उपस्थित हुए तथा 10 दिन का अतिरिक्त समय मांगा।
लगातार समय बढ़ाए जाने को देखते हुए समाज ने अब पुलिस-प्रशासन की मदद लेने पर सहमति जताई। जिला अध्यक्ष मुकेश मित्तल ने ग्रामीण एसपी सुभम कुमार खंडेलवाल से संपर्क कर मामले की जानकारी दी, जिस पर सहयोग का आश्वासन मिला।
बैठक की अध्यक्षता गालूडीह शाखा अध्यक्ष श्रवण अग्रवाल ने की। मौके पर जिला अध्यक्ष मुकेश मित्तल सहित पंचायत समिति एवं गालूडीह मारवाड़ी समाज के कई पदाधिकारी व गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।

