तीसरी सोमवारी पर सिदगोड़ा सूर्य मंदिर से निकली भव्य कलश यात्रा, 5 हजार से अधिक शिवभक्त हुए शामिल
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। सावन की तीसरी सोमवारी के अवसर पर सिदगोड़ा सूर्य मंदिर की ओर से सोमवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई। बारिडीह स्थित हरि मंदिर मैदान से शुरू हुई इस यात्रा में 5 हजार से अधिक महिला-पुरुष शिवभक्त शामिल हुए। यात्रा में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास भी शामिल हुए और शिवभक्तों के साथ करीब पांच किलोमीटर पैदल चलकर सूर्य मंदिर पहुंचे।

कलश यात्रा के दौरान पूरा इलाका भगवान भोलेनाथ के जयकारों से गूंज उठा। इस दौरान भगवान भोलेनाथ की आकर्षक झांकी भी निकाली गई। हाथों में कलश और जल लेकर बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्ति भाव के साथ पैदल सूर्य मंदिर पहुंचे, जहां स्थित शिवालय में भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया गया।
पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने भी शिवभक्तों के साथ पैदल यात्रा कर सूर्य मंदिर पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी सावन की तीसरी सोमवारी पर भव्य कलश यात्रा निकाली गई है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर रहे हैं।

रघुवर दास ने कहा कि भगवान भोलेनाथ सभी श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूरी करें और सभी के घरों में सुख, शांति एवं समृद्धि बनी रहे, यही उनकी प्रार्थना है। उन्होंने झारखंड के विकास और राज्यवासियों की खुशहाली की भी कामना की। कलश यात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र शिवमय नजर आया और श्रद्धालु हर-हर महादेव के जयकारों से माहौल को भक्तिमय बनाते रहे।

