शिक्षण संस्थानों व रजक समाज ने हर्षोल्लास से मनाया स्वतंत्रता दिवस
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बिरसानगर के प्रगति सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, टेल्को के हाई स्कूल गोपबंधु विद्यापीठ एवं रजक समाज भालूबासा में देशभक्ति और उत्साह के साथ स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया।
प्रगति सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में सचिव अरविंद कुमार पाण्डेय ने ध्वजारोहण किया। कार्यक्रम में भारत माता पूजन के बाद विद्यार्थियों ने योग, शारीरिक प्रदर्शन, देशभक्ति गीत, समूह नृत्य और घोष दल की प्रस्तुति दी। प्रधानाचार्य अभिलाष गिरि ने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर प्रकाश डाला, जबकि सचिव ने राष्ट्रहित में योगदान देने का आह्वान किया।

गोपबंधु विद्यापीठ टेल्को में सचिव वृंदावन साहू एवं प्राचार्य संजीव कुमार तिवारी ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण किया। विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, नृत्य, एकांकी और भाषण प्रस्तुत किए। सचिव वृंदावन साहू ने विद्यार्थियों से मोबाइल की बढ़ती लत से बचने और अध्ययन पर ध्यान केंद्रित करने की अपील की। प्राचार्य ने राष्ट्रध्वज, राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत के सम्मान को प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य बताया।

वहीं रजक समाज भालूबासा की ओर से अध्यक्ष राम चंद्र प्रसाद ने झंडोत्तोलन कर एकता, शांति एवं भाईचारे का संदेश दिया। इसके बाद बैलून फोड़, हंडी फोड़, म्यूजिकल चेयर और बच्चों की बिस्कुट दौड़ सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं। समाज के प्रतिभावान बच्चों को प्रमाण पत्र एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया। तीनों आयोजनों में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, अभिभावक, समाज के सदस्य एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

