टाटा मोटर्स में स्थायीकरण की अंतिम सूची प्रकाशित, 78 अस्थायी कर्मचारियों का सपना हुआ पूरा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। सावन के महीने में टाटा मोटर्स के शेष अस्थायी कर्मचारियों के लिए मंगलवार का दिन खुशियों भरा रहा। कंपनी प्रबंधन ने स्थायीकरण के लिए अंतिम 78 अस्थायी कर्मचारियों की सूची प्रकाशित कर दी है। इसके साथ ही टाटा मोटर्स में अस्थायी कर्मचारियों के स्थायीकरण की प्रक्रिया अपने अंतिम चरण में पहुंच गई है।
गौरतलब है कि 2700 अस्थायी कर्मचारियों के स्थायीकरण को लेकर त्रिपक्षीय समझौता हुआ था। इसके तहत प्रतिमाह 225 अस्थायी कर्मचारियों को स्थायी किया जाता रहा। अब अंतिम 78 कर्मचारियों की सूची जारी की गई है। सूचीबद्ध कर्मचारियों को निर्धारित तिथि के अनुसार लेबर ब्यूरो कार्यालय में उपस्थित होकर मेडिकल जांच एवं प्रमाण पत्रों के सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इसके बाद उन्हें स्थायी कर लिया जाएगा।
टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष शशिभूषण प्रसाद एवं महामंत्री आरके सिंह ने सभी सूचीबद्ध कर्मचारियों को शुभकामनाएं दीं और निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार समय पर लेबर ब्यूरो पहुंचने की अपील की। उन्होंने किसी भी परेशानी की स्थिति में यूनियन से संपर्क करने की बात कही।
अंतिम सूची के प्रकाशन के साथ ही टाटा मोटर्स में लंबे समय से चले आ रहे अस्थायी कर्मचारियों के स्थायीकरण का दौर समाप्त हो गया।

