राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
सरायकेला-खरसावां जिले में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। झारखंड पुलिस, 209 कोबरा और 26वीं वाहिनी एसएसबी की संयुक्त टीम ने पुलिस रिमांड पर लिए गए तीन माओवादियों से पूछताछ के बाद उनके बताए ठिकानों पर छापेमारी कर भारी मात्रा में हथियार, गोलियां और विस्फोटक बरामद किए।
एसपी मनोज स्वर्गियारी के अनुसार, काण्ड्रा थाना कांड संख्या 18/2026 के सिलसिले में सब-जोनल कमेटी सदस्य रवि सिंह सरदार उर्फ सागर, ओडिशा सीमांत कमेटी सदस्य मदन महतो और सब-जोनल कमांडर मीना पहाड़िया को रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई थी। मिली जानकारी के आधार पर कुचाई के सीकरम्बा जंगल और चांडिल के आसनबनी के समीप दलमा जंगल में अभियान चलाया गया।
तलाशी में दो 303 राइफल, एक इंसास, एक एसएलआर, दो देसी पिस्तौल, 297 जिंदा कारतूस, मैगजीन व चार्जर बरामद हुए। एक आईईडी भी मिला, जिसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, बरामद हथियारों का इस्तेमाल सुरक्षा बलों अथवा आम नागरिकों को निशाना बनाने में किया जा सकता था। मामले की जांच जारी है।

