ब्रह्मर्षि विकास मंच की आम बैठक संपन्न, केंद्रीय कार्यालय का उद्घाटन
संगठन विस्तार पर जोर, छठ के बाद कार्यकर्ता सम्मेलन; 100 से अधिक बरुआ के सामूहिक यज्ञोपवीत संस्कार व सामूहिक विवाह का लक्ष्य
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर, 9 अगस्त। ब्रह्मर्षि विकास मंच, जमशेदपुर की आम बैठक एवं केंद्रीय कार्यालय उद्घाटन समारोह रविवार को विद्यापतिनगर, नेताजी रोड स्थित दीप महल में श्री शंभू शर्मा के आवास पर संपन्न हुआ। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष राम नारायण शर्मा ने की। मंच के केंद्रीय कार्यालय का विधिवत उद्घाटन संरक्षक राम प्रकाश पांडेय ने फीता काटकर किया।
बैठक में जिले के संरक्षक, पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य, विभिन्न क्षेत्रीय इकाइयों के अध्यक्ष एवं प्रभारी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस दौरान संगठन की गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई।
18 में 15 क्षेत्रीय इकाइयों का गठन
बैठक में क्षेत्रीय इकाइयों के अध्यक्षों एवं प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में चल रही संगठनात्मक एवं सामाजिक गतिविधियों की जानकारी दी। जिले में कुल 18 क्षेत्रीय इकाइयों का गठन किया जाना है, जिसमें अब तक 15 इकाइयों का गठन हो चुका है। बैठक में 13 इकाइयों के अध्यक्ष और 16 प्रभारी उपस्थित रहे।
जिला अध्यक्ष राम नारायण शर्मा ने कहा कि प्रत्येक क्षेत्रीय इकाई की बैठक अब हर 15 दिनों में तथा जिला स्तर की बैठक प्रत्येक 30 दिनों में आयोजित की जाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेद दूर कर एकजुट होकर समाजहित में कार्य करने की अपील की। प्रत्येक इकाई को अपने क्षेत्र के 50 से अधिक परिवारों को संगठन से जोड़ने का लक्ष्य दिया गया।
छठ के बाद होगा कार्यकर्ता सम्मेलन
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि छठ महापर्व के बाद कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में संगठन की आगामी कार्ययोजना, कार्यकर्ताओं की भूमिका और संगठन विस्तार को लेकर व्यापक चर्चा होगी। महिलाओं एवं युवाओं को संगठन से जोड़कर उनकी जिला स्तरीय समिति गठित करने का भी निर्णय लिया गया।
100 से अधिक बरुआ के सामूहिक यज्ञोपवीत का लक्ष्य
समाज एवं परिवार हित से जुड़े कार्यक्रमों को प्राथमिकता देते हुए इस वर्ष 100 से अधिक बरुआ के सामूहिक यज्ञोपवीत संस्कार का लक्ष्य रखा गया है। सभी क्षेत्रीय इकाइयों को इसके लिए निबंधन शुरू करने का निर्देश दिया गया। इसके साथ ही बच्चे-बच्चियों के सामूहिक विवाह के लिए भी निबंधन कराने को कहा गया।
संरक्षक राम प्रकाश पांडेय ने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक माह लक्ष्य निर्धारित कर माह के अंत में उपलब्धियों की समीक्षा की जानी चाहिए।
केंद्रीय कार्यालय से बढ़ेगा समन्वय
पदाधिकारियों ने कहा कि केंद्रीय कार्यालय की स्थापना संगठन के लिए महत्वपूर्ण कदम है। इससे संगठनात्मक गतिविधियों में बेहतर समन्वय स्थापित होगा। जिला अध्यक्ष ने बताया कि केंद्रीय कार्यालय प्रतिदिन शाम 6 से रात 8 बजे तक खुला रहेगा। यहां सुझाव पेटी एवं सुझाव पुस्तिका रखी जाएगी, जिसमें समाज के लोग अपनी समस्याएं एवं सुझाव दर्ज करा सकेंगे। कार्यालय का प्रभारी विद्यापतिनगर इकाई के अध्यक्ष प्रेम रंजन तिवारी को बनाया गया है।
आरुषि की मौत पर दो मिनट का मौन

बैठक के अंत में गोविंदपुर में सड़क दुर्घटना में समाज की सात वर्षीय बेटी आरुषि कुमारी की असामयिक मृत्यु पर शोक व्यक्त किया गया। दुर्घटना में आरुषि के भाई रेयांश कुमार भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं और उनका इलाज टाटा मुख्य अस्पताल में चल रहा है। उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई गई है।
जिला अध्यक्ष राम नारायण शर्मा ने गोविंदपुर इकाई के पदाधिकारियों के साथ पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि पूरा ब्रह्मर्षि समाज इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ खड़ा है। बैठक के अंत में आरुषि की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई।
कार्यक्रम का संचालन जिला कार्यकारी अध्यक्ष सुधीर कुमार सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन जिला महासचिव मुकेश कुमार शर्मा ने किया। बैठक में राम प्रकाश पांडेय, हरेंद्र पांडेय, उमा शंकर द्विवेदी, कामेश्वर तिवारी, अमरनाथ सिंह, आचार्य बलिराम पांडेय, शंभू शर्मा, विजय नारायण, वीरेंद्र कुमार सिंह, प्रेम रंजन तिवारी सहित मंच के पदाधिकारी, सदस्य एवं सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।

