मुजफ्फरपुर में बेकाबू स्कॉर्पियो का कहर, दरोगा समेत 3 को रौंदा; BMP जवान की मौके पर मौत..चालक को पुलिस ने किया गिरफ्तार।
राष्ट्र संवाद संवाददाता
बिहार के मुजफ्फरपुर में शनिवार रात भीषण सड़क हादसा हो गया। मोतीपुर थाना के पास तेज रफ्तार और अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने दरोगा समेत तीन लोगों को रौंद दिया। हादसे में थाने में तैनात BMP जवान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दरोगा और होटल संचालक गंभीर रूप से घायल हो गए।
सब्जी खरीदने बाजार जा रहे थे जवान और दरोगा
जानकारी के अनुसार, BMP जवान और दरोगा सब्जी खरीदने के लिए मोतीपुर थाना से निकलकर बाजार की ओर जा रहे थे। जैसे ही दोनों थाना गेट से बाहर निकले, मोतिहारी की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि BMP जवान भागर्व भूषण की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दरोगा गंभीर रूप से घायल हो गए।

दरोगा और जवान को टक्कर मारने के बाद स्कॉर्पियो सड़क किनारे स्थित विनोद कुमार के होटल में घुस गई। वाहन ने होटल को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया और होटल संचालक विनोद कुमार को भी कुचल दिया। इसके बाद स्कॉर्पियो गड्ढे में जाकर पलट गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। DSP पश्चिमी-1 सुचित्रा कुमारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का जायजा लिया।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया है। वाहन चालक रवि कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। कुछ देर तक सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा।
घायल दरोगा और होटल संचालक को पहले मोतीपुर पीएचसी में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए SKMCH रेफर कर दिया गया है।
पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती जानकारी में स्कॉर्पियो के अनियंत्रित और तेज रफ्तार में होने की बात सामने आई

