18 दिनों से बंद घर में बड़ी चोरी, लाखों के जेवरात और 2 लाख नकद ले उड़े चोर; परसुडीह के गोलपहाड़ी में वारदात
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: परसुडीह थाना क्षेत्र के गोलपहाड़ी नया बस्ती में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाकर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। करीब 18 दिनों से बंद मकान का ताला तोड़कर चोर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और करीब दो लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए। घटना का खुलासा रविवार सुबह उस समय हुआ, जब मकान मालकिन रिंकी कुमारी सिंह अपने घर वापस लौटीं। घर के अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए।
जानकारी के अनुसार, रिंकी कुमारी सिंह के पिता का 22 जुलाई को टीएमएच में इलाज के दौरान निधन हो गया था। पिता के निधन के बाद वह परिवार के साथ अंतिम संस्कार के लिए बिहार के सिवान चली गई थीं। इसी दौरान उनका मकान करीब 18 दिनों तक बंद रहा। रविवार सुबह घर लौटने पर उन्होंने देखा कि मकान के दोनों दरवाजों के ताले टूटे हुए हैं।

घर के अंदर प्रवेश करने पर कमरों का सामान पूरी तरह बिखरा पड़ा था। अलमारी खुली हुई थी और पलंग पर रखे कपड़े भी अस्त-व्यस्त थे। जांच करने पर अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात गायब मिले। जेवरात के खाली डिब्बे कमरे में बिखरे हुए थे। इसके अलावा अलमारी में रखे करीब दो लाख रुपये नकद भी चोर अपने साथ ले गए।
पीड़िता के मुताबिक, घर में महिला समूह और चिटफंड से संबंधित कुछ रकम के अलावा उनके पिता के इलाज के लिए रखे गए पैसे भी मौजूद थे। चोरी गए जेवरात और नकदी समेत कुल सामान की कीमत उन्होंने करीब 30 से 50 लाख रुपये तक होने की आशंका जताई है। हालांकि वास्तविक नुकसान का आकलन पुलिस जांच और सामान की सूची तैयार होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

घर बंद होने की जानकारी रखने वाले पर शक
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने आशंका जताई है कि चोरों को मकान के लंबे समय से बंद रहने की जानकारी थी। करीब 18 दिनों तक घर बंद रहने के बावजूद आसपास के लोगों को चोरी की भनक नहीं लगना भी कई सवाल खड़े कर रहा है। परिवार को आशंका है कि किसी परिचित या आसपास के व्यक्ति ने घर की गतिविधियों पर नजर रखी हो सकती है और मौका देखकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही परसुडीह थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घर का निरीक्षण करने के साथ आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। संभावित संदिग्धों की गतिविधियों की भी जांच की जा रही है।
परिवार की ओर से चोरी के मामले की जांच में डॉग स्क्वायड की मदद लेने की मांग की गई है, ताकि पुलिस को चोरों तक पहुंचने के लिए महत्वपूर्ण सुराग मिल सके। पुलिस फिलहाल अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है।
18 दिनों से बंद मकान में हुई इस बड़ी चोरी ने गोलपहाड़ी नया बस्ती में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चिंता बढ़ा दी है। अब पुलिस के सामने चोरों की पहचान करने के साथ चोरी गए जेवरात और नकदी की बरामदगी की चुनौती है।

