प्रधानाध्यापक पर छात्र का सिर फोड़ने का आरोप, तीन टांके लगने के बाद रुका खून
कुकड़ू के स्कूल में घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने की कार्रवाई की मांग, डीसी से करेंगे शिकायत
राष्ट्र संवाद संवाददाता
चांडिल। चांडिल अनुमंडल क्षेत्र के कुकड़ू प्रखंड स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय में प्रधानाध्यापक पर एक छात्र के साथ मारपीट कर उसका सिर फोड़ने का आरोप लगा है। घटना में घायल छात्र के सिर पर तीन टांके लगाए गए। घटना के बाद छात्र डरा-सहमा बताया जा रहा है।
छात्र के अनुसार, वह कक्षा में क्लास वर्क कर रहा था। जवाब गलत होने पर उसने अपनी कॉपी का पन्ना फाड़ दिया। इसी दौरान प्रधानाध्यापक खेलाराम बेदिया कक्षा में पहुंचे और कथित तौर पर गुस्से में बच्चे को खिड़की के पास दीवार से पटक दिया, जिससे उसके सिर में चोट लग गई और खून बहने लगा। बाद में स्थानीय चिकित्सक को बुलाकर बच्चे का उपचार कराया गया।

घटना की जानकारी फैलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने स्कूल में बैठक कर कार्रवाई की मांग की। बैठक में प्रधानाध्यापक ने कथित रूप से अपनी गलती स्वीकार करते हुए सार्वजनिक रूप से माफी मांगी।
ग्रामीणों ने कहा कि मामले की लिखित शिकायत उपायुक्त से की जाएगी और दोषी शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई जाएगी, ताकि भविष्य में किसी अन्य बच्चे के साथ ऐसी घटना न हो।

