पाउड़ी मेल की बदहाल सड़क पर फिर उठा सवाल ‘समय पर मरम्मत होती तो शायद बच जाती जान’
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
सरायकेला पाउड़ी मेल की बदहाल सड़क ने एक बार फिर एक परिवार से उसका अपना छीन लिया। शुक्रवार तड़के सरायकेला थाना क्षेत्र में सड़क किनारे खड़ी वैगनआर कार को तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार शिवलाल गोप उर्फ ‘ऑल्टो बाबा’ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महेंद्र सिंह जामूदा गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार महेंद्र सिंह गुरुवार को शिवलाल गोप को पूजा-अर्चना के लिए हेसा स्थित अपने घर ले गए थे। पूजा के बाद दोनों चाईबासा गए और शुक्रवार सुबह लौट रहे थे। पाउड़ी मेल के पास कार रोककर महेंद्र नदी किनारे गए थे, जबकि शिवलाल कार में बैठे थे। इसी दौरान गड्ढों से बचने के प्रयास में अनियंत्रित हुए ट्रक ने कार को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
सूचना पर पुलिस ने दोनों को सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां शिवलाल को मृत घोषित कर दिया गया। घायल महेंद्र का इलाज जारी है। ट्रक चालक वाहन समेत फरार है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क की बदहाली पर आक्रोश जताया। लोगों का कहना है कि लंबे समय से बने जानलेवा गड्ढों की शिकायत के बावजूद मरम्मत नहीं हुई। उन्होंने तत्काल सड़क मरम्मत, चालक की गिरफ्तारी और मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की मांग की है।

