आदित्यपुर इंडस्ट्रियल एरिया में अवैध स्क्रैप कारोबार पर पुलिस का शिकंजा, दो वाहन जब्त, दो चालक न्यायिक हिरासत में
राष्ट्र संवाद संवाददाता
आदित्यपुर: आदित्यपुर थाना पुलिस ने औद्योगिक क्षेत्र में अवैध स्क्रैप कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए स्क्रैप लदे दो मालवाहक वाहनों को जब्त किया है। मामले में दोनों चालकों को गिरफ्तार कर रविवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं, वाहन मालिकों एवं स्क्रैप कारोबार से जुड़े अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस के अनुसार, शनिवार दोपहर गश्ती दल को गुप्त सूचना मिली थी कि आदित्यपुर इंडस्ट्रियल एरिया और आसपास के क्षेत्रों में बिना वैध दस्तावेज एवं कथित फर्जी कागजात के आधार पर स्क्रैप की अवैध ढुलाई की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद आदित्यपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मेकर्स कास्टिंग प्राइवेट लिमिटेड परिसर के समीप छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान स्क्रैप लदे 407 वाहन (जेएच-05एएल-6047) तथा एक छोटा हाथी वाहन (जेएच-05एयू-4216) को रोककर जांच की गई। जांच के दौरान दोनों वाहनों के चालक स्क्रैप परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके, जिसके बाद पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया।
मामले में टेल्को थाना क्षेत्र के जमको मछुआ बस्ती निवासी चालक बबलू कुमार (28) तथा आरआईटी थाना क्षेत्र के आदित्यपुर-दो, बनता नगर निवासी संतोष सरदार (27) को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने दोनों वाहनों के मालिकों तथा संबंधित कंपनी संचालक के विरुद्ध भी प्राथमिकी दर्ज की है।
आदित्यपुर थाना पुलिस ने रविवार को दोनों गिरफ्तार चालकों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस का कहना है कि अवैध स्क्रैप कारोबार से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। इस मामले में संलिप्त अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि औद्योगिक क्षेत्र में अवैध स्क्रैप कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

