चाईबासा में शिबू सोरेन की प्रतिमा को लेकर विवाद, कई सामाजिक कार्यकर्ता हिरासत में
राष्ट्र संवाद संवाददाता
चाईबासा: झारखंड आंदोलन के प्रमुख नेता एवं दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि से पहले उनकी प्रतिमा स्थापना को लेकर शनिवार को चाईबासा में विवाद गहरा गया। टाटा बाईपास चौक स्थित प्रस्तावित प्रतिमा स्थल पर झामुमो समर्थकों और सामाजिक एवं आदिवासी संगठनों के बीच तनाव की स्थिति बन गई।

झामुमो की ओर से 4 अगस्त को श्रद्धांजलि कार्यक्रम के तहत प्रतिमा स्थापना की तैयारी की जा रही है। वहीं, विरोध कर रहे सामाजिक संगठनों का कहना है कि झारखंड आंदोलन में शहीद हुए सभी आंदोलनकारियों को पहले सम्मान मिलना चाहिए और केवल एक नेता की प्रतिमा स्थापित करना उचित नहीं है।
स्थिति बिगड़ने की आशंका के बीच पुलिस ने हस्तक्षेप करते हुए विरोध कर रहे कई सामाजिक कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर बस से चाईबासा थाना भेज दिया। इसके बाद क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
फिलहाल प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रण में बताया है, हालांकि दोनों पक्ष अपने-अपने रुख पर कायम हैं। ऐसे में प्रतिमा स्थापना को लेकर विवाद आगे भी जारी रहने की संभावना बनी हुई है।

