दुर्गा पूजा केंद्रीय समिति की बैठक में तैयारियों की समीक्षा, विसर्जन घाटों का होगा निरीक्षण
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: जमशेदपुर दुर्गा पूजा केंद्रीय समिति की बैठक शनिवार को भालूबासा स्थित मिस्टी इन में अध्यक्ष अचिंतम गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में आगामी दुर्गा पूजा एवं प्रतिमा विसर्जन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
समिति ने सभी प्रमुख विसर्जन घाटों का निरीक्षण कर आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने, जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर सुरक्षा, यातायात, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग एवं अन्य व्यवस्थाएं समय पर पूरी कराने का निर्णय लिया। साथ ही विसर्जन मार्गों की साफ-सफाई, पेड़ों की छंटाई, पार्किंग व्यवस्था और घाटों पर गोताखोर एवं बचाव दल की तैनाती सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में सभी जोनों के बीच बेहतर समन्वय के लिए जोनवार व्हाट्सएप ग्रुप बनाने का फैसला लिया गया। पूजा समितियों से प्रशासन और केंद्रीय समिति के दिशा-निर्देशों का पालन कर शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित प्रतिमा विसर्जन कराने की अपील भी की गई।
इसके अलावा मानगो फ्लाइओवर निर्माण से पूजा समितियों को होने वाली संभावित परेशानियों और बागबेड़ा बड़ौदा घाट पुलिया का निर्माण दुर्गा पूजा से पहले पूरा कराने की मांग भी उठाई गई।
अध्यक्ष अचिंतम गुप्ता ने कहा कि दुर्गा पूजा शहर की सांस्कृतिक पहचान है और सभी समितियों के सहयोग से इसे शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जाएगा। वहीं महामंत्री आशुतोष सिंह ने बताया कि इस वर्ष प्रशासन, केंद्रीय समिति और पूजा समितियों के बीच बेहतर समन्वय के लिए नियमित संवाद की व्यवस्था की जाएगी। बैठक में केंद्रीय समिति के पदाधिकारी एवं विभिन्न जोनों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

