आदित्यपुर में ड्रग्स नेटवर्क पर पुलिस का शिकंजा, छापेमारी में भारी नकदी बरामद
राष्ट्र संवाद संवाददाता
आदित्यपुर:सरायकेला-खरसावां के पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी के निर्देश पर ड्रग्स कारोबारियों और फरार अभियुक्तों के खिलाफ चलाया जा रहा विशेष अभियान मंगलवार को भी जारी रहा। आदित्यपुर थाना पुलिस ने राम मड़ैया बस्ती, मुस्लिम बस्ती, इमली चौक सहित विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में सघन छापेमारी की।
अभियान के दौरान संदिग्ध ठिकानों की तलाशी लेने के साथ पार्कों, चौक-चौराहों और देसी-विदेशी शराब दुकानों के आसपास बाइक पेट्रोलिंग कर असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की गई। छापेमारी के दौरान मुस्लिम बस्ती से भारी मात्रा में नकदी बरामद की गई। हालांकि, नोटों की गिनती जारी रहने के कारण बरामद राशि का आधिकारिक खुलासा नहीं किया गया है।
सूत्रों के अनुसार, पुलिस ड्रग्स कारोबार से जुड़े संदिग्ध लालटू की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। अभियान के दौरान एक युवक को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है।
एसपी मनोज स्वर्गियारी ने बताया कि बरामद नकदी और पूरे मामले का विस्तृत खुलासा नोटों की गिनती पूरी होने के बाद प्रेस वार्ता में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिले में ड्रग्स तस्करी, फरार अपराधियों और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

