भाजपा ने जमशेदपुर में सुना प्रधानमंत्री मोदी के ‘मन की बात’ का 136वां संस्करण, सांसद विद्युत वरण महतो व विधायक पूर्णिमा साहू रहीं शामिल
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 136वें संस्करण का रविवार को भाजपा जमशेदपुर महानगर द्वारा चारों विधानसभा क्षेत्रों के 28 मंडलों के विभिन्न बूथों पर सामूहिक श्रवण कराया गया। साकची स्थित जिला कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में सांसद विद्युत वरण महतो, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अभय सिंह, महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने कारगिल विजय दिवस पर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की, जल संरक्षण, ‘एक पेड़ मां के नाम’, ‘हर घर तिरंगा’ अभियान, स्वदेशी रक्षा उत्पादन, आईएनएस महेंद्रगिरि तथा कॉमनवेल्थ खेलों में भारतीय खिलाड़ियों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए देशवासियों से जनभागीदारी का आह्वान किया।
सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि ‘मन की बात’ समाज के अनदेखे नायकों, नवाचारों और राष्ट्रहित के विषयों को सामने लाकर लोगों को प्रेरित करने का प्रभावी माध्यम बन चुका है। वहीं महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री का प्रत्येक संदेश कार्यकर्ताओं को सेवा, संगठन और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करता है।
जिला कार्यालय में पूर्व जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर मिश्रा, जिला पदाधिकारी बबुआ सिंह, अमरजीत सिंह राजा, राजीव सिंह, संजीत चौरसिया, अमित सिंह, किशोर ओझा, प्रकाश दुबे, शैलेश सिंह, चिंटू सिंह, राज सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।
वहीं, जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा के बारीडीह मंडल अंतर्गत हिंदुस्तान मित्र मंडल में बूथ संख्या 225, 226, 227 एवं 228 के कार्यकर्ताओं के साथ विधायक पूर्णिमा साहू ने भी ‘मन की बात’ का सामूहिक श्रवण किया। इस अवसर पर बारीडीह मंडल अध्यक्ष कुमार अभिषेक, बूथ अध्यक्षगण एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि ‘मन की बात’ केवल रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रहित, सेवा, नवाचार और जनभागीदारी का जनआंदोलन बन चुका है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सामान्य लोगों के प्रेरणादायी कार्यों को राष्ट्रीय मंच देकर पूरे देश को नई ऊर्जा प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम में संतोष ठाकुर, अवध किशोर चौधरी, मुकेश चौधरी, रंजीत सिंह, मीरा झा, निर्मल गोप, छक्कन चौधरी, रिंकू पांडेय, अनिकेत रॉय, कुमार आशुतोष, देवराज मुखी, सुशील शर्मा, राहुल मुखी, संतोष कुमार, अभिजीत सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।

