विकसित वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के तहत युवा संवाद आयोजित, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं से किया सीधा संवाद
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय तथा एमवाई भारत (MY Bharat) के तत्वावधान में पूर्वी सिंहभूम जिला समाहरणालय में राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (NIC) के सहयोग से “विकसित वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम” के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण युवा संवाद (Youth Dialogue) का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य सीमांत एवं ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को सशक्त बनाना तथा उन्हें विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना है। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम के तहत चयनित युवाओं के साथ सीधा संवाद रहा। इस संवाद में देश के 245 जिलों के 5,000 से अधिक युवाओं ने भाग लिया।
पूर्वी सिंहभूम में आयोजित कार्यक्रम में उपायुक्त राजीव रंजन, जिला युवा अधिकारी मोंन्टू पातर तथा जिला सूचना विज्ञान अधिकारी किशोर प्रसाद उपस्थित रहे। इस अवसर पर जिले के 20 एमवाई भारत वॉलंटियर्स ने भी कार्यक्रम में भाग लेकर प्रधानमंत्री के संवाद को सुना और कार्यक्रम के उद्देश्यों से अवगत हुए।

