धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर कांग्रेस ने बांटी मिठाई, इसे छात्रों-युवाओं के आंदोलन की जीत बताया
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के जिला उपाध्यक्ष अंसार खान के नेतृत्व में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर जवाहर मेन रोड, 13-14 नंबर मार्केट क्षेत्र में लड्डू बांटकर खुशी जताई गई। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इसे छात्रों, युवाओं, कांग्रेस पार्टी और इंडिया गठबंधन की जीत बताया।
अंसार खान ने कहा कि नीट पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में छात्र, युवा और कांग्रेस पार्टी लगातार आंदोलन कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आंदोलन की प्रमुख मांगों में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा भी शामिल था। उनके अनुसार, धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा भाजपा सरकार की बड़ी विफलता का प्रतीक है और यह जनआंदोलन की पहली सफलता है।
उन्होंने कहा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने छात्रों और युवाओं को आंदोलन में मजबूती से डटे रहने तथा इस संघर्ष की पहली सफलता मिलने पर बधाई दी है। अंसार खान ने कहा कि कांग्रेस छात्रों और युवाओं के हितों से जुड़े मुद्दों को आगे भी मजबूती से उठाती रहेगी।

