रामगढ़ 13.65 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार, रामगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई।
राष्ट्र संवाद संवादाता
रामगढ़ पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 13.65 ग्राम ब्राउन शुगर (हेरोइन) के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत को गुप्त सूचना मिली थी कि तीन युवक बिना नंबर प्लेट की बजाज पल्सर डोमिनार बाइक से भुरकुंडा से बरकाकाना की ओर ब्राउन शुगर लेकर जा रहे हैं।
सूचना पर सहायक पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, राघवेंद्र शर्मा पतरातू के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल ने भदानीनगर ओपी गेट के पास वाहन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान संदिग्ध बाइक को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन सवार भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया।
तलाशी में 40 पुड़िया ब्राउन शुगर (कुल वजन 13.65 ग्राम), एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू, टेप, बिना नंबर प्लेट की डोमिनार बाइक और चार मोबाइल फोन बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान एजाज अंसारी उर्फ विक्की, अजमत अंसारी और राहुल कुमार बेदिया, सभी निवासी चिकोर (भदानीनगर), के रूप में हुई है। इस मामले में भदानीनगर थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
राघवेंद्र शर्मा
सहायक पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पतरातू

