SIR-2026: 26-27 जुलाई को विशेष कैंप, मतदाता गणना प्रपत्र भरने और डिजिटाइजेशन का अंतिम मौका
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त राजीव रंजन के निर्देश पर 26 एवं 27 जुलाई को शहरी क्षेत्रों के मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। उपायुक्त ने इसे गणना प्रपत्र भरने, जमा करने और डिजिटाइजेशन कराने का अंतिम अवसर बताते हुए सभी पात्र मतदाताओं से इसका लाभ उठाने की अपील की है।
दोनों दिनों कैंप सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक संचालित होंगे। 46-पोटका (जमशेदपुर प्रखंड के बूथ 1-104), 47-जुगसलाई (जुगसलाई नगर परिषद के बूथ 156-203 एवं जमशेदपुर प्रखंड के बूथ 204-381) तथा 48-जमशेदपुर पूर्वी और 49-जमशेदपुर पश्चिमी विधानसभा क्षेत्र के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप लगाए जाएंगे।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि प्रत्येक कैंप में बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर, स्वयंसेवक, स्वयं सहायता समूह (SHG) और सीआरपी की प्रतिनियुक्ति की गई है, ताकि मतदाताओं को गणना प्रपत्र भरने, जमा करने और अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं में सहायता मिल सके।
उन्होंने सभी मतदाताओं से निर्धारित तिथि पर अपने संबंधित मतदान केंद्र पहुंचकर गणना प्रपत्र की प्रक्रिया पूरी करने तथा मतदाता सूची को शुद्ध और अद्यतन बनाने में जिला प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।

