नीट पेपर लीक पर छात्रों के समर्थन में बोले बन्ना गुप्ता, पुलिस कार्रवाई की निंदा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। झारखंड के पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट पेपर लीक मामले में न्याय की मांग कर रहे छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज, आंसू गैस के गोले छोड़ना और बल प्रयोग करना केंद्र सरकार की संवेदनहीनता तथा लोकतांत्रिक मूल्यों पर सीधा प्रहार है।
बन्ना गुप्ता ने कहा कि छात्रों के समर्थन में पहुंचे कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ किया गया व्यवहार भी दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता और विपक्ष की आवाज़ दबाने का प्रयास कर रही है, जबकि देश का युवा, किसान और जवान अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं।
पूर्व मंत्री ने कहा कि नीट पेपर लीक से लाखों छात्रों का भरोसा टूटा है। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की। साथ ही नीट पेपर लीक, व्यापम सहित सभी भर्ती एवं परीक्षा घोटालों की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
उन्होंने कहा कि सरकार को छात्रों, युवाओं, किसानों और जवानों की आवाज़ सुननी चाहिए, न कि दमन के माध्यम से उसे दबाने का प्रयास करना चाहिए।

