नीट पेपर लीक मामले को लेकर जमशेदपुर में छात्रों का प्रदर्शन, परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता की मांग
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। नीट (NEET) पेपर लीक मामले को लेकर शुक्रवार को जमशेदपुर में छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में छात्र सड़कों पर उतरे और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, पेपर लीक की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि पेपर लीक जैसी घटनाओं से लाखों मेहनती अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित होता है। वर्षों की तैयारी के बाद यदि परीक्षा की गोपनीयता भंग होती है तो यह ईमानदारी से परीक्षा देने वाले छात्रों के साथ अन्याय है। छात्रों ने मांग की कि केंद्र सरकार परीक्षा प्रणाली को अधिक सुरक्षित और पारदर्शी बनाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
विरोध मार्च के दौरान छात्रों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कई छात्रों के हाथों में विभिन्न मांगों से संबंधित तख्तियां और पोस्टर भी दिखाई दिए। कुछ पोस्टरों और नारों को लेकर भी चर्चा रही।

