मौसीबाड़ी से श्रीमंदिर लौटे भगवान जगन्नाथ, बहुरी यात्रा में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। सात दिनों तक मौसीबाड़ी में प्रवास के बाद भगवान जगन्नाथ, बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा की बहुरी यात्रा शुक्रवार को श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। पूरे मार्ग में “जय जगन्नाथ” के जयघोष और भजन-कीर्तन से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
बहुरी यात्रा की शुरुआत शहर के विभिन्न क्षेत्रों स्थित मौसीबाड़ी से हुई, जहां भगवान जगन्नाथ अपने भाई-बहन के साथ सात दिनों तक विराजमान थे। रथ यात्रा प्रारंभ होते ही भगवान के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ रथ के साथ चलते रहे और भक्ति रस में डूबे नजर आए।
यात्रा के समापन पर भगवान जगन्नाथ, बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा पुनः अपने मंदिर में विराजमान हुए। इसके साथ ही श्रद्धालुओं के लिए नियमित दर्शन-पूजन का क्रम फिर से शुरू हो गया।
बहुरी यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं ने भगवान जगन्नाथ से सभी के सुख, शांति, समृद्धि और कल्याण की कामना की। पूरे आयोजन के दौरान धार्मिक आस्था और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला।

