*बीजेपी कार्यालय के घेराव के दौरान हुई पत्थरबाजी, झड़प के बाद भारतीय जनता पार्टी ने प्रशासन और कांग्रेस नेताओं पर लगाए गंभीर आरोप.
*पत्थरबाजी मामले को लेकर झारखंड बीजेपी के द्वारा करवाया जा रहा कांग्रेस नेताओं के खिलाफ रांची के अरगोड़ा थाना में FIR..
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस का दोहरा चरित्र देश के सामने आ चुका है। एक ओर दिल्ली में कांग्रेस NEET और छात्रों के मुद्दे पर प्रदर्शन कर रही है, वहीं दूसरी ओर झारखंड में JPSC परीक्षा में कथित अनियमितताओं और घोटालों पर पर्दा डालने का काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि पिछले छह वर्षों में राज्य में रोजगार और नियुक्तियों से जुड़े कई विवाद सामने आए हैं, जिनकी जिम्मेदारी से कांग्रेस बच नहीं सकती क्योंकि वह झारखंड सरकार को समर्थन दे रही है। भाजपा का आरोप है कि JPSC में बड़े पैमाने पर गड़बड़ियां हुई हैं और भाजपा युवा मोर्चा के आंदोलन के दबाव में ही JPSC अध्यक्ष को इस्तीफा देना पड़ा। भाजपा ने मांग की है कि JPSC के वाइस चेयरमैन के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज कर मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए।
प्रदेश अध्यक्ष ने दिल्ली में कांग्रेस के प्रदर्शन पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस युवाओं को आगे कर संवेदनशील क्षेत्रों में राजनीतिक प्रदर्शन कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस हमेशा राष्ट्रविरोधी ताकतों के साथ खड़ी रही है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ लगातार आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करती रही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि एक गरीब परिवार से आने वाले प्रधानमंत्री ने देश के गरीबों और युवाओं के लिए काम किया है। उन्होंने NEET परीक्षा विवाद का उल्लेख करते हुए कहा कि पेपर लीक की जानकारी सामने आने के बाद सरकार ने तत्काल कार्रवाई की, परीक्षा रद्द की गई और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने का भरोसा दिया गया।
JPSC विवाद पर भाजपा ने मांग की है कि जिन-जिन परीक्षाओं पर सवाल उठे हैं, उनकी जांच केंद्रीय एजेंसी से कराई जाए। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस सत्ता से चिपके रहने की राजनीति करती है और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को बचाने का प्रयास कर रही है।
वहीं, भाजपा कार्यालय पर कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के दौरान हुई पत्थरबाजी को लेकर भी भाजपा ने कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से विरोध कर रहे थे, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पत्थर, अंडे और टमाटर फेंके। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने संयम का परिचय दिया और पार्टी कार्यालय की सुरक्षा की।
भाजपा ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। साथ ही कांग्रेस नेतृत्व से यह भी सवाल किया है कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने अपने कार्यकर्ताओं को रोकने का प्रयास क्यों नहीं किया।
आदित्य साहू, प्रदेश अध्यक्ष राज्यसभा सांसद,( झारखंड बीजेपी)

