*संवेदनशील इलाकों का एसपी ने किया निरीक्षण, अपराधियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश*
राष्ट्र संवाद संवाददाता
मृत्युंजय बर्मन
सरायकेला
सरायकेला-खरसावां के पुलिस अधीक्षक ने आदित्यपुर और चौका थाना क्षेत्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था तथा अपराध नियंत्रण की समीक्षा की। इस दौरान थाना प्रभारियों को लंबित कांडों के शीघ्र निष्पादन, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए।
इस दौरे की खास बात यह रही कि जिन विषयों पर चर्चा हुई, वे सामान्यतः मासिक क्राइम मीटिंग में पूरे जिले के सभी थाना प्रभारियों के साथ होती है। ऐसे में केवल आदित्यपुर और चौका थानों का अलग से निरीक्षण यह संकेत देता है कि इन क्षेत्रों को लेकर पुलिस मुख्यालय विशेष सतर्कता बरत रहा है। हालांकि पुलिस ने इसके पीछे किसी विशेष कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
बैठक में गश्ती व्यवस्था, खुफिया तंत्र की सक्रियता, जनसहभागिता आधारित पुलिसिंग और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने पर विशेष बल दिया गया। एसपी ने स्पष्ट किया कि जिले में अपराध के प्रति शून्य सहिष्णुता की नीति जारी रहेगी और किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
*राष्ट्र संवाद का नजरिया*
यदि आने वाले दिनों में आदित्यपुर या चौका क्षेत्र में कोई विशेष अभियान, सुरक्षा व्यवस्था या बड़ी कार्रवाई सामने आती है, तो यह दौरा उसकी पूर्व तैयारी के रूप में भी देखा जा सकता है। फिलहाल उपलब्ध आधिकारिक जानकारी के आधार पर इसे केवल विशेष निगरानी और क्षेत्रीय पुलिसिंग की समीक्षा माना जाना चाहिए।

