चाईबासा में हाथी का आतंक: एक व्यक्ति की जान ली, तीन घर किया क्षतिग्रस्त
राष्ट्र संवाद संवादाता
चाईबासा (chaibasa): कोल्हान में जंगली हाथियों का आतंक जारी है. मंगलवार देर रात एक दंतैल हाथी ने चाईबासा में एक व्यक्ति की जान ले ली. जबकि तीन घरों को क्षतिग्रस्त कर दिया. घर में रखे अनाज चट कर गए और खेत भी हाथियों ने रौंद डाला. जगन्नाथपुर प्रखंड में हाथियों का आतंक देखने को मिला. जगन्नाथपुर के बुढ़ाकमान, मुगादिघिया, तेंतोड़ीपोसी और लुतुसाई गांव में हाथी ने जमकर उत्पात मचाया. तीन घरों को हाथियों ने ध्वस्त कर दिया. बुढ़ाकमान गांव निवासी चंद्रमोहन सिंकू (35) की हाथियों ने जान ले ली. हाथियों ने उन्हें उठाकर कर बार पटका. देर रात उन्हें जगन्नाथपुर सदर अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना को लेकर गांव में दहशत है. वन विभाग की टीम सुबह अस्पताल पहुंची और मृतक के आश्रित को मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया.
जानकारी के अनुसार एक दंतैल बुढ़ाकमान गांव में देर रात घुसा था. चंद्रमोहन सिंकू समेत अन्य ग्रामीण हाथी को भगाने में जुट गए. इसी दौरान चंद्रमोहन सिंकू हाथी की चपेट में आ गया. पहले हाथी ने उसे जमीन पर पटका और फिर पैर से कुचल दिया. ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि वन विभाग की सूचना देने के बाद भी हाथी भगाने वाली टीम को गांव नहीं भेजा गया. किसी तरह ग्रामीणों ने हाथी को जंगल की ओर भगाया. ग्रामीणों का कहना है कि एक हाथी काफी दिनों से इलाके में घूम रहा है. जिसको लेकर गांवों में दहशत है. ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने पर भी वन विभाग के अधिकारी या कर्मी गांव नहीं आते.

