
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने कहा है कि जलजमाव, कचरा प्रबंधन और पेयजल आपूर्ति जैसी समस्याओं का स्थायी समाधान नगरपालिकाओं की कार्यप्रणाली में बदलाव के बिना संभव नहीं है। उन्होंने सुझाव दिया कि प्रत्येक नगरपालिका में जनसुविधाओं का स्थायी रजिस्टर (ब्लू बुक), नाला आधारित नीति, कचरा निष्पादन की प्रभावी व्यवस्था तथा पेयजल संरचना के लिए टोपोग्राफिकल सर्वे की व्यवस्था की जाए।
सरयू राय ने बताया कि ये सुझाव उन्होंने 8 जुलाई को उपायुक्त कार्यालय में हुई बैठक में दिए थे। उन्होंने कहा कि केवल समीक्षा बैठकों से समस्याओं का समाधान नहीं होगा, बल्कि स्थानीय समस्याओं और उनके समाधान का स्थायी रिकॉर्ड तैयार कर उसी आधार पर योजनाएं बनानी होंगी। उन्होंने टाटा स्टील यूआईएसएल की पेयजल व्यवस्था पर भी चिंता जताते हुए स्वच्छ जल स्रोतों जैसे डोबो (सतनाला) डैम और डिमना सेक्शन के अधिकतम उपयोग पर जोर दिया। उनका कहना है कि इन सुझावों को लागू करने से नगरपालिकाओं को जलजमाव मुक्त, स्वच्छ और बेहतर पेयजल व्यवस्था वाला बनाया जा सकता है।

