बोकारो – मुख्यमंत्री कौशल विकास केंद्र में एक व्यक्ति की हत्या।
राष्ट्र संवाद संवादाता
बोकारो जिले के बेरमो अनुमंडल के पेटरवार थाना क्षेत्र स्थित भेलवा टांड में संचालित मुख्यमंत्री कौशल विकास केंद्र में एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल के पुरुलिया निवासी 45 वर्षीय गणेश कपरदार के रूप में हुई है, जो पिछले दो वर्षों से केंद्र में कुक के रूप में कार्यरत थे। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
घटना की सूचना मिलते ही बेरमो के एसडीपीओ रविन्द्र कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर साक्ष्य जुटाने शुरू किए। जांच में डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम की भी मदद ली जा रही है। घटनास्थल से मिले सभी अहम साक्ष्यों की जब्ती सूची तैयार की जा रही है। पुलिस का कहना है कि हत्या के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा। मृतक के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है।
कौशल विकास केंद्र के कैम्प मैनेजर संजीत कुमार सिंह ने बताया कि गणेश कपरदार पिछले दो वर्षों से केंद्र में कुक के रूप में कार्यरत थे। रोज़ की तरह जब वे मेस में भोजन व्यवस्था देखने पहुंचे तो गणेश अपने कमरे में बेड के नीचे गिरे हुए मिले। इसके बाद तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों और पेटरवार थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पेटरवार थाना, आईईएल थाना, तेनुघाट ओपी और कसमार थाना की पुलिस संयुक्त रूप से जांच कर रही है। इस बीच गोमिया के पूर्व विधायक डॉ. लम्बोदर महतो भी घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी ली और हत्या का जल्द खुलासा कर दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की।
फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस हत्याकांड का पर्दाफाश कर लिया जाएगा।

