गिरिडीह प्रेमिका के बुलावे पर डॉक्टर के घर पहुंचा युवक, चली गोली; हाथ चकनाचूर, बिरनी में सनसनी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
मंझलाडीह गांव की घटना, डॉक्टर उमेश प्रसाद पर फायरिंग का आरोपघायल युवक बोला, प्रेमिका के कहने पर गया था, पुलिस हर पहलू से कर रही जांच
गिरिडीह जिले के बिरनी प्रखंड के भरकट्टा ओपी क्षेत्र अंतर्गत मंझलाडीह गांव में रविवार देर रात गोली चलने की सनसनीखेज घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका इलाज धनबाद के एक अस्पताल में चल रहा है। घायल युवक के बाएं हाथ की कलाई में गोली लगने से उसका हाथ गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, मंझलाडीह निवासी डॉक्टर उमेश प्रसाद पर स्थानीय युवक नीरज शर्मा को गोली मारने का आरोप लगा है। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद घटना की सूचना तत्काल भरकट्टा ओपी पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल नीरज शर्मा को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कराया। फिलहाल उसकी स्थिति पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है।
घायल युवक नीरज शर्मा ने अस्पताल में बताया कि वह अपनी प्रेमिका के बुलावे पर रविवार देर रात डॉक्टर के घर पहुंचा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ और उस पर गोली चला दी गई। नीरज का दावा है कि गोली सीधे उसके हाथ में लगी, जिससे उसकी कलाई बुरी तरह जख्मी हो गई।
हालांकि, घटना के पीछे की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। यह मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।
भरकट्टा ओपी पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ-साथ दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद मंझलाडीह गांव सहित आसपास के इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। पुलिस का कहना है कि फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि आखिर रविवार देर रात डॉक्टर के घर क्या हुआ और गोली चलने की नौबत क्यों आई।

