नीट परीक्षा लीक और शिक्षा व्यवस्था को लेकर भाकपा का केंद्र सरकार पर हमला
जमशेदपुर। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) की सिंहभूम जिला इकाई की ओर से सोमवार को साकची स्थित जिला कार्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन आयोजित किया गया। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए जिला सचिव अंबुज कुमार ठाकुर ने नीट परीक्षा लीक प्रकरण, शिक्षा व्यवस्था और बढ़ती बेरोजगारी को लेकर केंद्र सरकार की कड़ी आलोचना की।
अंबुज ठाकुर ने कहा कि पिछले लगभग 20 दिनों से शिक्षा सुधार और नीट परीक्षा से जुड़े मुद्दों पर छात्रों के भविष्य की चिंता को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक जंतर-मंतर पर अनशन कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन ने उन्हें जबरन हटाकर छात्रों की आवाज को दबाने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि यह लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।
भाकपा जिला सचिव ने कहा कि नीट परीक्षा लीक मामले में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए, लेकिन अब तक ऐसा नहीं हुआ है। इससे यह स्पष्ट होता है कि केंद्र सरकार छात्रों के भविष्य और शिक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर नहीं है।
उन्होंने कहा कि देश में बेरोजगारी और महंगाई लगातार बढ़ रही है, जबकि सरकार इन मूलभूत समस्याओं के समाधान के बजाय अन्य मुद्दों में उलझी हुई है। भाकपा का मानना है कि छात्रों, युवाओं और आम जनता के हितों की लगातार अनदेखी की जा रही है।
अंबुज ठाकुर ने कहा कि भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी शिक्षा, रोजगार, महंगाई और जनहित से जुड़े सभी मुद्दों पर संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में इन सवालों को लेकर पार्टी सड़क से लेकर सदन तक लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करेगी।
प्रेस वार्ता में पार्टी के जिला सचिव मंडल सदस्य धनंजय शुक्ला, वरिष्ठ नेता शशि कुमार तथा अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

