
कोयला क्षेत्रीय पुलिस खेलकूद प्रतियोगिता का हुआ शुभारंभ
राष्ट्र संवाद संवादाता
बोकारो पुलिस केंद्र में आज तीन दिवसीय कोयला क्षेत्रीय पुलिस खेलकूद प्रतियोगिता-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में बोकारो और धनबाद जिला पुलिस बल के करीब 250 पुलिसकर्मी खिलाड़ी विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। उद्घाटन समारोह में उत्तरी छोटा नागपुर के आईजी शैलेंद्र कुमार सिन्हा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
बोकारो पुलिस केंद्र में आयोजित तीन दिवसीय कोयला क्षेत्रीय पुलिस खेलकूद प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया गया। प्रतियोगिता में बोकारो और धनबाद जिला पुलिस बल के कुल लगभग 250 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। तीन दिनों तक हॉकी, फुटबॉल, क्रिकेट, वॉलीबॉल, कबड्डी, एथलेटिक्स सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। उद्घाटन समारोह में उत्तरी छोटा नागपुर के आईजी शैलेंद्र कुमार सिन्हा के साथ बोकारो के उपायुक्त अजय नाथ झा, पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा एवं जिला प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
प्रतियोगिताएं पुलिसकर्मियों के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ-साथ अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता को भी मजबूत करती हैं। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा तथा उन्हें आगे होने वाली पुलिस खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर भी मिलेगा।
बोकारो के पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने कहा कि पुलिसकर्मियों के लिए यह प्रतियोगिता बेहद महत्वपूर्ण है। इससे न केवल उनकी फिटनेस और कार्यक्षमता में वृद्धि होती है, बल्कि बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को राज्य और राष्ट्रीय स्तर की पुलिस खेल प्रतियोगिताओं तक पहुंचने का अवसर भी मिलता है। तीन दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में रोमांचक मुकाबलों के साथ खेल भावना और अनुशासन का भी शानदार प्रदर्शन देखने को मिलेगा।

