मलेरिया नियंत्रण को लेकर पोटका में ग्राम प्रधानों की बैठक, जनजागरूकता पर जोर
राष्ट्र संवाद संवाददाता
पोटका। मलेरिया के बढ़ते प्रकोप को नियंत्रित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को पोटका प्रखंड सभागार में अंचल अधिकारी श्रीमती निकिता बाला की अध्यक्षता में सभी ग्राम प्रधानों के साथ जागरूकता बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिला वीबीडी पदाधिकारी डॉ. मृत्युंजय धावड़िया ने मलेरिया के लक्षण, बचाव और उपचार की जानकारी देते हुए कहा कि बुखार या ठंड लगने पर तुरंत सहिया या नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें। उन्होंने पूरी बांह के कपड़े पहनने, मच्छरदानी के उपयोग, घर के आसपास पानी जमा नहीं होने देने तथा चिकित्सकीय सलाह से ही दवा लेने की अपील की।
अंचल अधिकारी निकिता बाला ने ग्राम प्रधानों से मलेरिया उन्मूलन अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील करते हुए डुगडुगी, नुक्कड़ नाटक और प्रचार वाहन के माध्यम से लोगों को जागरूक करने तथा दवा ले रहे मरीजों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
बैठक में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुकांत सीट, जिला महामारी रोग विशेषज्ञ डॉ. असद, जिला कुष्ठ परामर्शी डॉ. राजीव लोचन महतो सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं सभी ग्राम प्रधान उपस्थित रहे।

