बगहा में 10 फीट का जहरीला कोबरा घर में घुसा, महिला सर्प मित्र ने साहस दिखाकर किया रेस्क्यू
राष्ट्र संवाद संवादाता
बगहा, वाल्मीकिनगर के विशाहा गांव की घटना, सुरक्षित जंगल में छोड़ा गया कोबरा; बरसात और बाढ़ के कारण आबादी की ओर बढ़ रहे हैं वन्यजीव
पश्चिम चंपारण के वाल्मीकिनगर थाना क्षेत्र के विशाहा गांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ग्रामीण मुन्नी लाल के घर में करीब 10 फीट लंबा जहरीला कोबरा घुस आया। घर के अंदर विशालकाय सांप को रेंगता देख परिजनों में चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर जुट गए और पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय महिला सर्प मित्र जानकी देवी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने बिना घबराए सूझबूझ, धैर्य और सावधानी के साथ कोबरा का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया। सांप को पकड़ने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। बाद में कोबरा को सुरक्षित रूप से वाल्मीकिनगर के जंगल में छोड़ दिया गया, जिससे न तो किसी व्यक्ति को नुकसान पहुंचा और न ही वन्यजीव को कोई क्षति हुई।
स्थानीय लोगों ने जानकी देवी के साहस और वन्यजीव संरक्षण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की सराहना की। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते रेस्क्यू नहीं होता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
विशेषज्ञों के अनुसार, लगातार बारिश, नेपाल से आने वाले बाढ़ के पानी और जंगलों में जलभराव के कारण सांप समेत अन्य वन्यजीव सुरक्षित स्थान की तलाश में रिहायशी इलाकों का रुख कर रहे हैं। ऐसे में लोगों से सतर्क रहने, घरों के आसपास साफ-सफाई रखने तथा सांप दिखने पर उसे मारने के बजाय वन विभाग या प्रशिक्षित सर्प रेस्क्यूअर को सूचना देने की अपील की गई है।

