सरायकेला: रहस्यमयी ढंग से लापता तीन नाबालिग बच्चियां पश्चिमी सिंहभूम से सकुशल बरामद, परिजनों ने ली राहत की सांस
राष्ट्र संवाद संवादाता
सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र स्थित बास्कोनगर से रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हुई तीन नाबालिग बच्चियों को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पश्चिमी सिंहभूम जिले से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस अधीक्षक मनोज स्वार्गियारी के निर्देश पर गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) ने लगातार खोजबीन कर बच्चियों को सुरक्षित उनके परिजनों तक पहुंचाया। इस सफल अभियान के बाद परिजनों ने पुलिस का आभार व्यक्त किया और राहत की सांस ली।
जानकारी के अनुसार, बास्कोनगर की चार नाबालिग लड़कियां 13 जुलाई को रूंगटा पार्क घूमने जाने की बात कहकर घर से निकली थीं। इनमें से एक बच्ची अगले दिन सुरक्षित घर लौट आई, जबकि तीन अन्य बच्चियां लापता हो गईं। उनके पास मोबाइल फोन नहीं होने के कारण पुलिस के सामने तलाश की चुनौती और बढ़ गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी और मानवीय दोनों स्तरों पर लगातार जांच और तलाश अभियान चलाया। इसी दौरान पुलिस को पश्चिमी सिंहभूम के एक गांव से महत्वपूर्ण सूचना मिली।
बताया गया कि तीनों बच्चियां रास्ता भटककर दूसरे गांव पहुंच गई थीं, जहां ग्रामीणों ने उन्हें सुरक्षित अपने पास रखा था। पुलिस के पहुंचने पर ग्रामीणों ने बच्चियों के हुलिये के आधार पर उनकी पहचान की पुष्टि की और उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद गुरुवार को तीनों बच्चियों को उनके परिजनों को सौंप दिया गया।
बरामद बच्चियों की पहचान शांति सामड (14 वर्ष), अनुष्का गगराई (15 वर्ष) और सिमरन जोजो (14 वर्ष) के रूप में हुई है। इस पूरे अभियान में सब इंस्पेक्टर विश्वजीत तिवारी और जेएसआई शिव प्रकाश सिंह की भूमिका भी सराहनीय रही। पुलिस ने कहा कि समय पर मिली सूचना और ग्रामीणों के सहयोग से बच्चियों को सुरक्षित बरामद करना संभव हो सका।

