लातेहार में भीषण सड़क हादसा: अनियंत्रित 407 ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, दो युवकों की मौके पर मौत
राष्ट्र संवाद संवादाता
चंदवा | लातेहार जिले के चंदवा थाना क्षेत्र अंतर्गत रांची–मेदिनीनगर मुख्य मार्ग (एनएच-75) पर शिव टोली के समीप गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो बाइक सवार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब डालटनगंज की ओर से रांची जा रहा एक 407 ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर दूसरी लेन में चला गया और सामने से आ रही बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक ट्रक के नीचे दब गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए। लोगों ने दोनों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।
सूचना मिलने पर चंदवा थाना पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और राहत दल मौके पर पहुंचे। हाइड्रा मशीन की मदद से ट्रक के नीचे फंसे दोनों युवकों को बाहर निकाला गया और एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) चंदवा पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों में से एक की पहचान उसके पास मिले आधार कार्ड के आधार पर टिकू भुइयां (पिता – नरेश भुइयां) के रूप में हुई है। उनका पता महावीर नगर, बुकबुका, खलारी (रांची) बताया गया है। दूसरे मृतक की पहचान के लिए पुलिस प्रयास कर रही है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य में देरी का आरोप लगाया। उनका कहना है कि यदि हाइड्रा मशीन और राहत दल समय पर पहुंच जाते तो शायद दोनों युवकों की जान बचाई जा सकती थी। हालांकि, इस संबंध में प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
फिलहाल पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। हादसे के बाद कुछ समय तक एनएच-75 पर यातायात भी प्रभावित रहा।

