बढ़ते अपराध और भाजपा कार्यकर्ताओं पर दर्ज मामलों को लेकर सांसद विद्युत वरण महतो ने एसएसपी को सौंपा ज्ञापन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: शहर में बढ़ते अपराध, चोरी की घटनाओं तथा भाजपा कार्यकर्ताओं पर दर्ज मुकदमों के विरोध में सांसद विद्युत वरण महतो एवं भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने पूर्वी सिंहभूम के एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में हत्या, लूट, चोरी और छिनतई की बढ़ती घटनाओं पर चिंता जताते हुए अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी, संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने तथा कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग की गई।
प्रतिनिधिमंडल ने 3 जुलाई के जमशेदपुर बंद के दौरान भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं पर दर्ज प्राथमिकी तथा गोलमुरी थाना में भाजपा नेताओं पर दर्ज मामले की निष्पक्ष समीक्षा कर निराधार धाराएं हटाने की भी मांग की। एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि सभी मामलों की निष्पक्ष एवं विधिसम्मत जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

