करंडीह फाटक के पास अवैध जुआ का अड्डा सक्रिय, प्रशासन से कार्रवाई की मांग
राष्ट्र संवाद संवादाता
स्थानीय लोगों ने लगाए गंभीर आरोप, फोटो भी वायरल
*जमशेदपुर।* परसुडीह थाना क्षेत्र के करंडीह रेलवे फाटक के समीप प्रत्येक रात अवैध जुआ का खेल चलाए जाने का आरोप स्थानीय लोगों ने लगाया है। लोगों का कहना है कि ताश के पत्तों से ‘कटपत्ती’ नामक खेल रात 10 बजे के बाद यहां धड़ल्ले से चलता है।
सूत्रों के अनुसार इस खेल का संचालन स्थानीय निवासी सोना पुर्ती द्वारा किया जा रहा है। परसुडीह, सुंदरनगर, बागबेड़ा सहित आसपास के क्षेत्रों से लोग यहां जुआ खेलने पहुंचते हैं। स्थानीय लोगों ने जुआ स्थल की कुछ तस्वीरें भी उपलब्ध कराई हैं, जिसमें ताश खेलते हुए लोगों को देखा जा सकता है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस अवैध कारोबार के कारण क्षेत्र में चोरी और छिनताई जैसी घटनाएं भी बढ़ रही हैं। लोगों ने मांग की है कि नए एसएसपी के कार्यभार संभालने के बाद भी इस तरह की गतिविधियों पर रोक नहीं लग पाई है, इस पर जिला प्रशासन और पुलिस कड़ी कार्रवाई करे।
इस संबंध में परसुडीह थाना प्रभारी से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। प्रशासन का पक्ष मिलने के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

