पूर्वी सिंहभूम में 1.04 लाख से अधिक मलेरिया जांच, 1,895 संक्रमित; 6 मौतें, प्रशासन ने तेज किया अभियान
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम में मलेरिया की रोकथाम को लेकर उपायुक्त राजीव रंजन ने प्रेस वार्ता में बताया कि 29 जून से 12 जुलाई तक जिले में 1,04,459 लोगों की मलेरिया जांच की गई, जिसमें 1,895 मरीज संक्रमित पाए गए। इनमें 1,491 पी. फाल्सीपेरम, 353 पी. विवैक्स और 51 मिश्रित संक्रमण के मामले हैं। इस अवधि में मलेरिया से 6 लोगों की मौत हुई, जिनमें 4 सेरेब्रल मलेरिया और 2 मिश्रित संक्रमण के कारण हुईं।
उपायुक्त ने बताया कि पोटका, डुमरिया, मुसाबनी और घाटशिला सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्र हैं, जहां विशेष सर्विलांस, इंडोर रेजिडुअल स्प्रे (IRS), जांच और उपचार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बुखार को सामान्य न समझें और तत्काल मलेरिया जांच कराएं। साथ ही मच्छरदानी का उपयोग करें, घर के आसपास पानी जमा न होने दें तथा स्वास्थ्य विभाग के सर्वे और IRS अभियान में सहयोग करें। मीडिया से भी जनजागरूकता बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की गई।

