मानगो में राहुल बच्चा हत्याकांड: मुख्य आरोपी शब्बे का हाफ एनकाउंटर, पैर में लगी दो गोलियां
राष्ट्र संवाद संवादाता
बुधवार को शाम मानगो मुंशी मोहल्ला में हुए राहुल बच्चा हत्याकांड के मुख्य आरोपी शब्बे का गुरुवार तड़के पुलिस ने हाफ एनकाउंटर कर दिया। यह कार्रवाई मानगो थाना क्षेत्र स्थित स्मृति पार्क में हथियार बरामदगी के दौरान हुई। पुलिस आरोपी को उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद करने के लिए मौके पर लेकर गई थी। स्मृति पार्क में शब्बे की निशानदेही पर दो पिस्तौल बरामद हुईं। इसी दौरान आरोपी ने एक लोडेड पिस्तौल उठा ली और पुलिस पर फायरिंग करने का प्रयास किया। पुलिस ने तत्काल जवाबी कार्रवाई करते हुए उसे काबू में लिया। इस दौरान मानगो थाना के सब-इंस्पेक्टर संजय ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जो शब्बे के पैर में लगी। सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि आरोपी के पैर में दो गोलियां लगी हैं। उसे इलाज के लिए तत्काल एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
जानकारी हो कि बुधवार शाम मानगो के मुंशी मोहल्ला के पास राहुल बच्चा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज वारदात का मुख्य आरोपी शब्बे और उसके साथी बताए गए थे। घटना के बाद देर रात शब्बे ने अपने कुछ साथियों के साथ पुलिस के समक्ष सरेंडर कर दिया था। प्रेम प्रसंग में शब्बे ने राहुल की हत्या की। दोनों एक ही युवती से प्रेम करते थे, जिसको लेकर दोनों के बीच काफी दिनों से विवाद चल रहा रहा.

