गिरिडीह बिल्डिंग बायलॉज उल्लंघन पर नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, भीम ज्वेलर्स के भवन का अवैध हिस्सा तोड़ना शुरू
राष्ट्र संवाद संवादाता
गिरिडीह: झारखंड बिल्डिंग बायलॉज का उल्लंघन कर किए गए अवैध भवन निर्माण के खिलाफ गिरिडीह नगर निगम ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी। नगर निगम की टीम ने अंबेडकर चौक के समीप मोबाइल गली स्थित भीम ज्वेलर्स के भवन के अवैध हिस्से को ध्वस्त करना शुरू किया। कार्रवाई के दौरान निगम के अधिकारी, कर्मचारी और पुलिस बल मौके पर तैनात रहे, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।
जानकारी के अनुसार, नगर निगम ने कुछ दिन पहले भीम ज्वेलर्स सहित कुल 11 भवन मालिकों को नोटिस जारी कर निर्धारित समय सीमा के भीतर अवैध निर्माण स्वयं हटाने का निर्देश दिया था। नोटिस में यह भी स्पष्ट किया गया था कि आदेश का पालन नहीं करने पर नगर निगम स्वयं ध्वस्तीकरण की कार्रवाई करेगा और उसका पूरा खर्च संबंधित भवन मालिक से वसूला जाएगा।
निर्धारित अवधि समाप्त होने के बाद भी अवैध निर्माण नहीं हटाए जाने पर नगर निगम ने अपने आदेश के अनुरूप कार्रवाई शुरू कर दी। निगम अधिकारियों ने कहा कि शहर में बिल्डिंग बायलॉज के उल्लंघन और अवैध निर्माण के मामलों में आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जाएगी।

