आदित्यपुर: सरायकेला- खरसावां जिले के आदित्यपुर स्थित
राष्ट्र संवाद संवादाता
आकाशवाणी केंद्र के समीप गुरुवार देर रात एक रूई के गद्दा बनाने वाली दुकान में भीषण आग लग गई. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई. घटना में दुकान में रखा रूई, गद्दे और अन्य सामान जलकर राख हो गया. प्रारंभिक तौर पर लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रात करीब 11 बजे दुकान से अचानक धुआं और आग की लपटें उठने लगीं. दुकान में बड़ी मात्रा में रूई और अन्य ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग तेजी से फैल गई. इसकी चपेट में आसपास की कुछ अन्य दुकानें भी आ गईं.
हालांकि स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए कई दुकानों का सामान समय रहते बाहर निकाल लिया, जिससे बड़ा नुकसान टल गया. घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया. वहीं फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास किया. देर रात तक आग बुझाने का अभियान जारी रहा. फिलहाल आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है. पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटे हैं. दुकान मालिक को घटना की सूचना दे दी गई है. आग पूरी तरह बुझने और जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक नुकसान और अग्निकांड के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा.

