सफाईकर्मियों को मिले सरकार द्वारा तय वेतन, व्यवस्था में हो सुधार: सरयू राय
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने बुधवार को सोनारी के कुंज नगर का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था और सफाईकर्मियों की समस्याओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सफाईकर्मियों को राज्य सरकार के निर्धारित मानक के अनुसार वेतन मिलना चाहिए तथा पीएफ और ईएसआई की पूरी जानकारी भी उन्हें उपलब्ध कराई जानी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान 50 के स्थान पर केवल 32 सफाईकर्मी ही मौजूद मिले। सफाईकर्मियों ने वेतन में कटौती और पीएफ-ईएसआई की जानकारी नहीं मिलने की शिकायत की। इस पर सरयू राय ने जेएनएसी अधिकारियों से तत्काल जानकारी मांगी और सभी पात्र कर्मियों को ईएसआई योजना से जोड़ने का निर्देश दिया।
सरयू राय ने कहा कि 1 अप्रैल 2026 की सरकारी अधिसूचना के अनुसार अकुशल मजदूरों को 491 रुपये प्रतिदिन मिलना चाहिए। उन्होंने जेएनएसी से सफाई व्यवस्था पर विस्तृत रिपोर्ट भी मांगी तथा कहा कि जल्द ही कदमा और मानगो का दौरा कर वहां की सफाई व्यवस्था और सफाईकर्मियों की स्थिति का भी निरीक्षण करेंगे।

