जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत बाराद्वारी कुम्हारपाड़ा में सोमवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया.
राष्ट्र संवाद संवादाता
यहां नरेश अग्रवाल के मकान में पुराने हिस्से के मरम्मत और निर्माण कार्य के दौरान अचानक भवन का एक हिस्सा भरभराकर ढह गया. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग मौके पर जुट गए. नरेश अग्रवाल ने बताया कि , मकान में पुराने निर्माण को हटाकर मरम्मत का कार्य चल रहा था. इसी दौरान अचानक दीवार और छत का हिस्सा एक साथ गिर पड़ा. मलबा गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए. घटना के समय निर्माण कार्य में लगे मजदूरों और अन्य लोगों ने समय रहते सुरक्षित स्थान पर हटकर अपनी जान बचाई.
राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने या गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है. हालांकि भवन का एक हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है. यदि हादसे के समय अधिक लोग वहां मौजूद होते तो बड़ा जानमाल का नुकसान हो सकता था. घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. फिलहाल मलबा हटाने का कार्य किया जा रहा है.
प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि पुराने निर्माण की जर्जर स्थिति के कारण यह हादसा हुआ. हालांकि वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा. स्थानीय लोगों ने कहा कि पुराने भवनों की मरम्मत या तोड़फोड़ के दौरान सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके.

