जमशेदपुर: डबल डाउन बार के बाहर चाकूबाजी का CCTV आया सामने, पुलिस की भूमिका पर उठे सवाल
राष्ट्र संवाद संवाददाता
बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के मेन रोड स्थित डबल डाउन बार के बाहर शनिवार देर रात हुई सनसनीखेज चाकूबाजी का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में आ गई है। फुटेज में दिखाई दे रहा है कि पुलिस की मौजूदगी में ही हमलावरों ने हिमांशु सिंह और प्रत्युष आनंद पर लगातार चाकू से हमला किया। एक युवक जान बचाने के लिए पीसीआर वाहन में घुस गया, लेकिन हमलावर उसे बाहर खींच लाए और पुलिस के सामने ही ताबड़तोड़ वार करते रहे।

फुटेज के अनुसार हिमांशु सिंह पर सात बार चाकू से हमला किया गया। इस दौरान पुलिस एक आरोपी को पकड़ने में व्यस्त रही, जबकि अन्य हमलावर दोनों युवकों पर बेरहमी से हमला करते रहे। वीडियो सामने आने के बाद शहर में आक्रोश है और पुलिस की तत्परता पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
घायल प्रत्युष आनंद की हालत बिगड़ने पर रविवार को उसे बेहतर इलाज के लिए कोलकाता के अपोलो अस्पताल रेफर किया गया, जबकि हिमांशु सिंह का इलाज टाटा मुख्य अस्पताल के आईसीयू में चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है।
परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि समय पर कार्रवाई होती तो दोनों की जान खतरे में नहीं पड़ती। उनका आरोप है कि हमले के बाद भी घायलों को तत्काल अस्पताल नहीं पहुंचाया गया। उन्होंने सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी जिलिंगगोड़ा के रहने वाले हैं। प्रारंभिक जांच के अनुसार बार के अंदर हुए विवाद के बाद बाहर साथियों को बुलाकर हमला किया गया। पुलिस ने सोनू मंडल समेत एक युवक को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

