राखा कॉपर में फैक्ट्री के नाम पर पर्यावरण से खिलवाड़?
पेड़ों की अंधाधुंध कटाई और गार्डवाल तोड़ने का आरोप, भाजपा ने मांगी FIR और कार्रवाई
राष्ट्र संवाद संवाददाता
राखा कॉपर, जादूगोड़ा राखा कॉपर स्थित जियाडा (JIADA) की आवंटित जमीन पर फैक्ट्री निर्माण के नाम पर दर्जनों पेड़ों की कटाई और स्वर्णरेखा परियोजना के गार्डवाल को नुकसान पहुंचाने के आरोप सामने आए हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिना आवश्यक अनुमति के जेसीबी से वर्षों पुराने पेड़ उखाड़े गए और बाढ़ सुरक्षा के लिए बने गार्डवाल के पत्थर निकालकर निजी उपयोग में लाए गए।
भाजपा नेता मनोज प्रताप सिंह ने मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर एफआईआर, जियाडा आवंटन रद्द करने तथा संबंधित अधिकारियों की भूमिका की जांच की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि तय समय में कार्रवाई नहीं होने पर जिला प्रशासन से शिकायत की जाएगी।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि गार्डवाल क्षतिग्रस्त होने से बरसात में बाढ़ का खतरा बढ़ सकता है और पेड़ों की कटाई से पर्यावरण को भी नुकसान पहुंचेगा।
दूसरा पक्ष: समाचार तैयार किए जाने तक ठेकेदार सोहनलाल साहू से संपर्क का प्रयास किया गया, लेकिन उनका पक्ष प्राप्त नहीं हो सका।
राष्ट्र संवाद प्रशासन की कार्रवाई और मामले के सभी पक्षों पर नजर बनाए हुए है।

