राष्ट्र संवाद संवाददाता
प्रखंड के तेंतला पोड़ा पंचायत अंतर्गत सोनागाड़ा गांव में पैतृक जमीन पर अवैध कब्जा और हथियार के बल पर धमकाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दो साल से जमीन पर जबरन कब्जा कर खेती कर रहे लोगों ने जब असली वारिसों ने अपना हक मांगा तो उन्हें हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी दी गई।
पीड़ित परिवार ग्राम प्रधान व दर्जनों ग्रामीणों के साथ कोवाली थाना पहुंचा और थाना प्रभारी मुकेश कुमार साव को ज्ञापन सौंपकर सुरक्षा व न्याय की गुहार लगाई।
*क्या है पूरा मामला*
सोनागाड़ा निवासी जोलेश सरदार व रमेश सरदार ने बताया कि उनके दादा स्व. उमेश भूमिज व दादी स्व. बिजा भूमजानी के नाम मौजा सोनागाड़ा, थाना नंबर 1444 में जमीन दर्ज है।
खाता संख्या 28 के प्लॉट 2, 4, 7, 156, 161, 178, 182 आदि में कुल 3.89 एकड़ और खाता संख्या 56 के प्लॉट 17 व 424 में 1.20 एकड़, यानी कुल 5.09 एकड़ जमीन पर दो साल से गांव के ही धिरेंद्र नाथ सरदार, राजाराम सरदार व अन्य ने कब्जा कर रखा है।
जोलेश ने बताया, “हम जमीन के वैध वारिस हैं। जब हमने खेती शुरू की तो आरोपियों ने हथियार दिखाकर भयभीत किया और कहा कि दोबारा आए तो जान से मार देंगे। हमारा परिवार दहशत में है। कभी भी बड़ी घटना हो सकती है।”
*ग्राम प्रधान ने किया समर्थन*
पीड़ितों के साथ पहुंचे ग्राम प्रधान आजीन सोमाई सरदार, लखींद्र सरदार, सुखलाल सरदार, बिस्कुट सरदार, ओलो सरदार, सिवाय सरदार समेत अन्य ग्रामीणों ने जोलेश व रमेश के आरोपों का समर्थन किया। ग्रामीणों ने कहा कि कब्जाधारियों के रवैये से गांव में अशांति का माहौल है।
पीड़ितों ने ज्ञापन की प्रति अंचलाधिकारी को भी सौंपी है और जमीन वापस दिलाने के साथ परिवार को सुरक्षा देने की मांग की है।
*क्या बोले थाना प्रभारी*
थाना प्रभारी मुकेश कुमार साव ने कहा, “मामला संज्ञान में आया है। जमीन विवाद में अंचल का निर्णय सर्वमान्य होता है। मामला गंभीर है, इसलिए अंचलाधिकारी से मंतव्य लेकर नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी। हथियार दिखाने व धमकी के बिंदु पर जांच कर आवश्यक कानूनी कदम उठाए जाएंगे।”
*आगे क्या*
1. *राजस्व जांच*: CO कार्यालय कागजात व वंशावली के आधार पर असली वारिस तय करेगा
2. *पुलिस जांच*: हथियार व धमकी के आरोप पर अलग से FIR दर्ज हो सकती है
3. *शांति व्यवस्था*: विवाद बढ़ने पर धारा 107 के तहत दोनों पक्षों को पाबंद किया जा सकता है
फिलहाल गांव में तनाव का माहौल है।

