सरायकेला-खरसावां में अवैध बालू खनन पर जिला प्रशासन की सख्ती, बिना चालान बालू ले जा रहा वाहन जब्त, पांच वाहनों से ₹23 हजार जुर्माना
राष्ट्र संवाद संवाददाता
सरायकेला-खरसावां: उपायुक्त नितिश कुमार के निर्देश पर गुरुवार को जिला खनन विभाग एवं गम्हरिया अंचल कार्यालय की संयुक्त टीम ने आदित्यपुर थाना क्षेत्र के सापड़ा बालू घाट में अवैध खनन एवं परिवहन के खिलाफ औचक निरीक्षण अभियान चलाया।
निरीक्षण के दौरान किसी भी बालू घाट पर अवैध उत्खनन की गतिविधि नहीं मिली। हालांकि जांच के क्रम में वाहन संख्या JH05AG2259 बिना वैध परिवहन चालान के बालू का परिवहन करते हुए पकड़ा गया। इसके बाद वाहन को जब्त कर सुरक्षार्थ आदित्यपुर थाना को सुपुर्द कर दिया गया। मामले में जिला खनन विभाग द्वारा नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।

इसके बाद अपराह्न करीब चार बजे मोटरयान निरीक्षक के नेतृत्व में जिला खनन विभाग एवं संबंधित अधिकारियों ने पाटा टोल प्लाजा पर संयुक्त जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान खनिज लदे वाहनों में तिरपाल की अनिवार्यता, ओवरलोडिंग तथा वैध परिवहन दस्तावेजों की गहन जांच की गई। जांच में विभिन्न अनियमितताएं पाए जाने पर पांच वाहनों से कुल 23 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।
उपायुक्त नितिश कुमार ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि जिले में खनिजों के अवैध खनन, भंडारण और परिवहन के विरुद्ध किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी तथा अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए संयुक्त जांच एवं प्रवर्तन अभियान लगातार चलाया जाएगा।

